यूक्रेन संग हुए अनाज समझौते से हटने की दी धमकी।
CRS AGENCY। रूस की एक धमकी से पूरी दुनिया सकते में आ गई है। रूस ने यूक्रेन से पहले हो चुके अनाज समझौते से हटने की धमकी दी है। यदि ऐसा होता है तो पूरी दुनिया पर अनाज का संकट आ सकता है। रूस की इस चेतावनी के बाद वैश्चिक खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दरअसल, रूस और यूक्रेन के बेल्ट में पूरी दुनिया का 25 फीसदी अनाज प्रोडक्शन होता है। यदि समझौते से रूस पीछे हटा तो पूरी दुनिया और खासकर अफ्रीका और खाड़ी देशों में अनाज का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। रूस द्वारा संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से यूक्रेन के साथ हुए अनाज समझौते को आगे बढ़ाने की मंजूरी नहीं देने की आशंका से पूरी दुनिया में चिंता बढ़ती जा रही है। इस समझौते के तहत यूक्रेन को दुनिया के उन हिस्सों में अनाज की आपूर्ति करने की अनुमति मिली है जहां पर भुखमरी की स्थिति है। ब्लैक सी के बंदरगाह पर नहीं आ रहे अनाज से भरे जहाज, निर्यात में आई कमी। रूस द्वारा समझौते की अवधि नहीं बढ़ाने की आशंका के बीच अब युद्धग्रस्त यूक्रेन के काला सागर बंदरगाह पर पोत नहीं आ रहे हैं और खाद्य सामग्री के निर्यात में कमी आ रही है। तुर्की और संयुक्त राष्ट्र ने पिछली गर्मी में वैश्विक खाद्य संकट को दूर करने के लिए मध्यस्थता की थी और उन्होंने अलग से भी रूस से करार किया था ताकि अनाज और उर्वरक के निर्यात के लिए पोतों को सुविधा दी जा सके।
