अज्ञात चोरों ने फिर दो घरों पर बोला धावा, नकदी समेत लाखो के जेवरात किया पार।
ऊंचाहार, रायबरेली। हल्का के काबिल दरोगा कमल सिंह की काबिलियत और सक्रियता की एक बार फिर पोल खुल गई है। कहीं खिड़की काटी तो कहीं छत के रास्ते घर में घुसे बेखौफ चोरों ने हल्का दरोगा कमल सिंह के हल्का नम्बर एक में दो घरों को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों के जेवर और जरूरी दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने इतनी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर दरोगा जी की काबिलियत और सक्रियता का प्रमाण पेश कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के भागीपुर गांव निवासी शिवशरण सिंह के घर पर बुधवार रात की अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। रात को चोर उनके घर के पीछे लगी लोहे की खिड़की काटकर अन्दर घुस गए और कमरे में रखी आलमारियों से 27000 रूपए की नकदी समेत सोने चांदी के कीमती जेवरात उठा ले गए।
इसी इसी रात इसी गांव में करीब दो सौ मीटर की दूरी पर उनके परिवार के ही विनोद सिंह के घर पर भी चोरों ने छत का रास्ता अपना कर कमरे में उतरकर रखी आलमारी और बेड में रखे उनके बहुओं के कीमती जेवरात समेत तीस हज़ार रुपए की नकदी पार कर दिया। घर के लोग जब नींद से उठे तो इसकी जानकारी हुई। सामान इधर उधर फैला देख किसी अनहोनी की आशंका हुई पास जाकर देखा तो चोरी होने की जानकारी हुई। चोरी हुए सामान कुल मालियात तकरीबन बारह लाख से अधिक आँकी जा रही है। इसी हल्का नम्बर एक में बहुतायात चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इसपर बढ़बोले दरोगा कमल सिंह काम करने के बजाए सीधे साधे सज्जन लोगों पर वर्दी का रौब झाड़ते हैं। फिलहाल दोनों घरों में हुई चोरी की लिखित शिकायत कोतवाली में की गई है। कोतवाल अनिल कुमार सिंह का कहना है। जांच कराई जा रही है।
